ब्याज चुकाते-चुकाते निकल जाएगा अमेरिका का दम… रोज देना पड़ रहा है 1.8 अरब डॉलर का इंटरेस्ट

# ## International

(www.arya-tv.com) दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी अमेरिका पर मंदी का खतरा फिलहाल टल गया है लेकिन देश कर्ज के जाल में डूब गया है। देश का कुल कर्ज 33 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो चुका है।

यह देश की जीडीपी का करीब 123 परसेंट है। पिछले तीन साल में देश का कर्ज 10 ट्रिलियन डॉलर बढ़ चुका है। हालत यह हो गई है कि अमेरिका को रोज 1.8 अरब डॉलर का इंटरेस्ट चुकाना पड़ रहा है।

तीन साल में इंटरेस्ट भी दोगुना हो चुका है। 2020 में देश रो रोजाना 90 करोड़ डॉलर का इंटरेस्ट चुकाना पड़ रहा था। माना जा रहा है कि अगले कुछ साल में अमेरिका का डेट-टु-जीडीपी रेश्यो 200 परसेंट तक पहुंच जाएगा। यानी उसका कर्ज उसकी इकॉनमी से दोगुना पहुंच जाएगा।

दुनिया में सबसे ज्यादा डेट-टु-जीडीपी रेश्यो 269 परसेंट जापान में है। इस देश पर जीडीपी से ढाई गुना ज्यादा कर्ज है। इसकी वजह यह है कि जापान में बुजुर्गों की आबादी ज्यादा है और सोशल वेलफेयर लागत ज्यादा है। दूसरे नंबर पर ग्रीस है। इसका डेट-टु-जीडीपी रेश्यो 197 परसेंट है।

इसके बाद सिंगापुर (165%) और इटली (135%) का नंबर है। पुर्तगाल, फ्रांस, स्पेन और बेल्जियम में भी यह 100 परसेंट से अधिक है। यानी इन देशों का कर्ज उसके जीडीपी से अधिक है।

यूएस इकॉनमी

इस बीच अमेरिका का इकॉनमी तीसरी तिमाही में उम्मीद से कमतर रही। जुलाई से सितंबर के दौरान देश की जीडीपी ग्रोथ 4.9 परसेंट रही। हालांकि दूसरे अनुमान में इसके 5.2 परसेंट रहने का अनुमान जताया गया था।

तीसरी तिमाही में ग्रोथ करीब दो साल में सबसे ज्यादा रही। इस दौरान अमेरिकन लोगों ने लाइव कंसर्ट्स, फिल्मों और गुड्स पर काफी खर्च किया। जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में ग्रोथ में तेजी की उम्मीद है।

इसकी वजह यह है कि फेडरल रिजर्व के मुताबिक अगले साल ब्याज दरों में कटौती की जा सकती है।