(www.arya-tv.com)बारिश ने दिल्ली में गुरुवार को ठंड बढ़ा दी। इसके साथ ही दिल्ली में ठंड ने 19 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक साल 2003 के बाद इस साल फरवरी महीने में इतनी ज्यादा सर्दी पड़ रही है। हिमाचल में भी बर्फबारी जारी है। शिमला, कुल्लू-मनाली, लाहौल-स्पीति समेत कई इलाकों में आज भी भारी बर्फबारी होगी।
पंजाब-हरियाणा में भी बारिश के साथ सर्द हवाएं चलीं, जिसके कारण दोनों राज्यों में तापमान में गिरावट आई। बिहार के लगभग 26 जिलों में बारिश होने के कारण यहां ठंड बढ़ गई है। वहीं, मध्यप्रदेश के भोपाल में भी पारा लुढ़कने से सर्दी बढ़ गई। यहां अगले चार दिन तक ठंड में इजाफा होने का अनुमान है। राजस्थान के जयपुर, चुरू, बीकानेर, अजमेर, जैसलमेर में भी शीतलहर चलने से ठंड बढ़ गई।
दिल्ली में हाड़ कंपा देने वाली ठंड
दिल्ली में मौसम के बदलते मिजाज को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि 3 फरवरी 2022 को अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद यह तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 22.4 दर्ज किया गया था। हवाएं चलने से हाड़ कंपा देने वाली ठंड और महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 71 साल में ऐसा चौथी बार हुआ है जब फरवरी महीने में इतनी ठंड पड़ रही है।
बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश पर भी
देश के उत्तरी हिस्से में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ने लगा है। भोपाल में गुरुवार दोपहर तेज ठंडी हवा चली। इससे दो घंटे में ही पारा में 4.5 डिग्री गिर गया। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के मुताबिक शुक्रवार से भोपाल सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में ठंड बढ़ने की संभावना है। अगले 3 दिन रात के तापमान में तीन या 4 डिग्री गिरावट होने की संभावना है। 7 जनवरी तक तापमान में गिरावट का ट्रेंड बरकरार रह सकता है। इस दौरान बादल भी छा सकते हैं। 8 जनवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
कसौली में सीजन का पहला हिमपात
हिमाचल में गुरुवार को शिमला, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पीति, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी के कई क्षेत्र बर्फ की जद में आ गए हैं। कसौली की ऊंची पहाड़ियों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। शिमला में 26 दिन में सीजन का तीसरा भारी हिमपात हुआ है। शुक्रवार को भी राजधानी में बर्फ गिरने के आसार हैं। हिमाचल में 3 हाईवे व 442 सड़कें बंद हैं। अटल टनल मार्ग से वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। पहले ये मार्ग सिर्फ फोर बाई फोर व इमरजेंसी वाहनों के लिए बहाल किया था।