दवा कारोबारी ने दो बच्चों को फंदे पर लटकाया फिर खुद ने पत्नी के साथ फांसी लगा ली

Business UP

(www.arya-tv.com)शाहजहांपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कर्ज में डूबे एक दवा कारोबारी ने अपने दो बच्चों को फंदे पर लटकाकर खुद भी पत्नी के साथ फांसी लगा दी। यह परिवार पिछले साल दीपावली पर अपने नए घर में शिफ्ट हुआ था। चारों के शव घर में फंदे पर लटके मिले। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारे। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी की बात लिखी है।

लोहे की ग्रिल से लटके मिले 4 शव
घटना शहर के चौक कोतवाली क्षेत्र के कच्चा कटरा की है। यहां दवा कारोबारी अखिलेश गुप्ता का पूरा परिवार फंदे पर लटका मिला। एक पड़ोसी ने बताया कि सुबह अखिलेश को फोन किया था। लेकिन फोन नहीं उठा। मैंने सोचा कहीं व्यस्त होगा। फिर हमने 2 घंटे तक कई बार ट्राई किया। लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद मुझे कुछ शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के साथ हम लोग घर में गए। जब देखा तो घर की छत पर लगे लोहे के जाल से अखिलेश का शव लटक रहा था। फिर एक ग्रिल से उनकी पत्नी रेशु लटकी मिली। इसके अलावा 12 साल का बेटा शिवांक कमरे के रोशनदान की ग्रिल से लटका मिला। जबकि 6 साल की बेटी अर्चिता कमरे की चौखट से लटकी मिली।

फांसी से पहले चारों ने पी थी चाय
पुलिस के मुताबिक जब वह पहुंची तो कमरे में चार के 4 कप मेज पर रखे हुए मिले। माना जा रहा है कि परिवार ने पहले साथ बैठकर चाय पी है। उसके बाद फांसी लगाई है। यह भी कयास लगाया जा रहा है कि पहले बच्चों को कुछ नशीला पदार्थ दिया गया फिर फंदे पर लटकाया गया। इसके बाद पति-पत्नी ने खुद फांसी लगाई है। बहरहाल, पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें आर्थिक तंगी की बात कही गई है। इसी आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है।

दिवाली पर नए घर मे शिफ्ट हुआ था परिवार
अखिलेश बरेली के फरीदपुर के मूल निवासी हैं। अभी बीते 5 से 6 साल से वह शाहजहांपुर में किराए के मकान में रह रहे थे। बीते दिवाली में उन्होंने कच्चा कटरा में अपना नया घर बनाया था और गृह प्रवेश किया था। बताया जा रहा है कि घर बनवाने के लिए ब्याज पर और बैंक से लोन भी लिया था।
अब यही कर्जा उनका सिरदर्द बनता जा रहा था। इसके साथ ही जानकारी के मुताबिक अखिलेश गुप्ता के पास दवाइयों की कोई एजेंसी थी। जिसमें उसे घाटा हुआ था। जिसकी वजह से वह कर्ज में डूब गया था। सुसाइड नोट से पता चलता है कि परिवार की आर्थिक हालत खराब हो गई।