UP में बड़े बदलाव की तैयारी:बीएल संतोष 3 दिन लखनऊ में, मंत्रियों से लेंगे योगी का फीडबैक

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर-प्रदेश की सियासत इन दिनों सुर्खियों में है। अटकलें संगठन में बदलाव से लेकर मंत्रिमंडल विस्तार तक की हैं। इन सब के बीच भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह सोमवार को लखनऊ पहुंचे हैं। यहां वो संगठन के नेताओं के साथ 3 बड़ी बैठक करने वाले हैं। इसके जरिए वह 2022 यूपी चुनाव की रणनीति तय करेंगे।

बीएल संतोष पार्टी मुख्यालय में हइार् लेवल मीटिंग ले रहे हैं। इसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, संगठन महामंत्री सुनील बंसल मौजूद रहेंगे। बैठक में 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष और 7 महामंत्री भी शामिल हैं।

संगठन महामंत्री का तीन दिन का पूरा शेड्यूल

  • संगठन महामंत्री बीएल संतोष 1 जून को सरकार के मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे।
  • दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा के साथ भी उनकी अलग से बैठक तय है।
  • योगी के सभी कैबिनेट मंत्रियों के साथ भी बैठक करेंगे। उनसे सरकार के कामकाज का फीडबैक लेंगे।
  • 1 जून को सरकार के मंत्रियों को मिलने के लिए अलग-अलग समय दिया गया।
  • एक मंत्री के साथ 20 से 25 मिनट बैठक का समय निर्धारित किया गया है।

पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर भी चर्चा
यूपी में भाजपा के कार्यकर्ताओं की नाराजगी पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती है। सरकार की तरफ से कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और संगठन के असहयोग से कार्यकर्ताओं में असंतोष और नाराजगी है। यूपी में विधानसभा का चुनाव करीब है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी पार्टी के लिए बेहद खतरनाक है।

दैनिक भास्कर को मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार की बैठक में कार्यकर्ताओं की नाराजगी और संगठन के पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर चर्चा हुई। साथ ही कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चुनाव के लिहाज से उन्हें तैयार करने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार हो सकती है।

संगठन में बड़ा बदलाव संभव
बैठक में संगठन विस्तार को लेकर चर्चा होगी। यूपी में लंबे समय से किसी मोर्चे का गठन नहीं हुआ है। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा से लेकर मीडिया की टीम की घोषणा नहीं हुई है। निगम के कई सारे पदों पर अभी भी नियुक्ति नहीं हुई है। माना जा रहा है कि इन खाली पदों पर कार्यकर्ताओं की नियुक्ति जल्द से जल्द कराने को लेकर सहमति बन सकती है। साथ ही मोर्चा और नई मीडिया टीम को लेकर भी बैठक में सहमति बन सकती है।

केंद्र सरकार के फोकस में है यूपी
यूपी फिलहाल केंद्र के फोकस में भी है। वजह साफ है, अगले साल यूपी में विधानसभा का चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी अपनी तैयारियों में जल्द से जल्द जुटना चाहती है। इस लिहाज से अब लगातार यूपी में दौरे शुरू होंगे। बीएल संतोष के दौरे के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह का भी यूपी दौरा हो सकता है। कयास हैं कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में भी यूपी के कुछ नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। जिसका फायदा 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिल सके।

एक दिन पहले CM योगी की अगुवाई में खींचा गया खाका
इससे पहले शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के टिकट बंटवारे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में बैठक हुई थी। इसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, संगठन मंत्री सुनील बंसल और अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ करीब 2 घंटे तक मंथन हुआ था। इसमें चुनाव जीतने के लिए रणनीति तैयार की गई थी।

मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को जिम्मेदारी
बैठक में तय हुआ था कि प्रदेश के मंत्रियों को उनके जिले की जिम्मेदारी दी जाएगी। ये मंत्री अपने यहां के निर्दलीय और विपक्ष के पंचायत सदस्यों को BJP के साथ जोड़ने की कोशिश करेंगे। चुनाव तक ज्यादातर मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को अपने जिले में रहना होगा। वहां पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए समीकरण मजबूत बनाना होगा।

2022 के विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा
बैठक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन मंत्री सुनील बंसल ने साफ कहा कि पंचायत चुनाव के नतीजे अगले साल विधानसभा चुनाव पर भी असर डालेंगे। ऐसे में पंचायत चुनाव में किसी तरह से कमजोर नहीं पड़ना चाहिए।