UP में पंचायत चुनाव का दूसरा चरण:लखनऊ समेत 20 जिलों में 73% मतदान, प्रतापगढ़ में बूथ कैप्चरिंग की कोशिश

UP

(www.arya-tv.com) त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में आज लखनऊ-वाराणसी समेत 20 जिलों में वोटिंग संपन्न हो चुकी। कुल 73 फीसदी वोट पड़े हैं। जिला, क्षेत्र व ग्राम पंचायत सदस्यों के अलावा प्रधान के 2,23,118 पदों के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। वोटिंग शाम छह बजे तक हुई। 2.33 लाख से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज हो गया। 2 मई को मतगणना होगी।

राज्य निर्वाचन आयोग ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए सख्ती की। बिना मास्क मतदान केंद्रों में किसी को प्रवेश नहीं मिलने का दावा किया गया, लेकिन यह नियम सिर्फ कागजों तक सीमित रहा। मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित कराने के लिए 23 वरिष्ठ अधिकारियों को बतौर ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। संक्रमित मतदाताओं को PPE किट पहनकर सबसे बाद में वोट डालने की अनुमति है।

मतदान अपडेट्स…

  • प्रतापगढ़ में अब तक 12 से अधिक बूथों पर बवाल व मतदान बाधित होने की खबर है। पट्टी इलाके के बिरौती मतदान केंद्र पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की। इस दौरान ईंट-पत्थर से हमला किया गया। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा है।
  • अमरोहा के धनौरा ब्लॉक के गांव धनौरी खुर्द में मतदान के बाद बूथ से निकलते ही एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मौत का कारण दिल का दौरा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
  • सुल्तानपुर में लंभुआ के BJP विधायक देवमणि द्विवेदी वोट डालने के लिए ककराही विद्यालय पहुंचे। जहां उनका नाम सूची में नहीं मिला। इससे वे वोटिंग से वंचित हो गए। हालांकि, विधायक की पत्नी और परिवार के सदस्यों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
  • महाराजगंज के करमहा गांव में बूथ संख्या 81 पर वार्ड संख्या 14 और 15 के बैलट पेपर नहीं होने के कारण मतदान डेढ़ घंटे बाधित रहा। सेक्टर मजिस्ट्रेट के आने के बाद बैलट पेपर आया और मतदान शुरू हो चुका।
  • चित्रकूट के राजापुर तहसील के प्राथमिक विद्यालय रगौली में मतदाताओं ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। इस दौरान वोटिंग रुक गई। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है।

    आज कहां-कहां मतदान

    मुजफ्फरनगर, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, बिजनौर, अमरोहा, बदायूं, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, ललितपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर, गोंडा, महाराजगंज, वाराणसी, आजमगढ़ शामिल हैं।

    इस तरह बढ़ रहा मतदान का प्रतिशत

    जनपद 09 बजे 11 बजे 01 बजे 03 बजे 05 बजे फाइनल
    मुजफ्फरनगर 11.57 25.02 40.06 55 66.05 72.58
    बागपत 11.16 27.50 41.07 57.2 68.58 74.84
    गौतमबुद्धनगर 10.50 30 48 60 70.20 75.32
    बिजनौर 11.78 23.09 41.02 55.42 65.70 73.30
    अमरोहा 10.11 27.71 43.02 56.90 68.74 78.74
    बदायूं 13 21 36 51 65 73.57
    एटा 11.58 22.89 36.07 51.44 65.22 73.24
    मैनपुरी 10.07 19.09 38.05 54.27 63.13 74.24
    कन्नौज 09 19.07 30.02 51.40 62.90 73.72
    इटावा 09.05 22.84 38.04 50.80 63 73.34
    ललितपुर 10.50 22.04 31.06 53 66.20 70
    चित्रकूट 09.01 19.40 30.98 43.57 55.93 64.03
    प्रतापगढ़ 09.47 19.91 30.37 45.52 52.14 60.06
    लखनऊ 11 24 38 53 65.90 72
    लखीमपुर खीरी 09.07 27 39.55 52.60 63.40 77.98
    सुल्तानपुर 10 21.07 30.78 43.10 55.86 64.50
    गोंडा 07 14.40 25 41 51 66.04
    महाराजगंज 09.05 21.25 39.05 51.10 63.88 71.02
    वाराणसी 09 23/05 35 41.64 56 68
    आजमगढ़ 10.07 27 39.06 51.20 58.45 64.55

    कुल 2,33,616 नामांकन

    प्रदेश के 20 जिलों में होने वाले चुनाव में चार पदों के लिए कुल 2,33,616 नामांकन हुए थे। जिला पंचायत सदस्य के 787 पदों के लिए 8,024 नामांकन, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 19,653 पदों के लिए 56,874 नामांकन हुए थे। वहीं, ग्राम प्रधान के 14,897 पदों के लिए कुल 99,404 लोगों ने दावेदारी की है। इसी तरह ग्राम पंचायत सदस्य के 1,87,781 पदों के लिए महज 69,314 नामांकन ही हुए थे।