महिला प्रधान ने कहा- हमें शर्म आती है, दोषी को सजा मिले मगर निर्दोष न फंसे

UP

(www.arya-tv.com)हाथरस के बूलगढ़ी गांव से पांच किमी दूर बघना गांव में सवर्ण समाज के लोगों ने मंगलवार को आरोपियों के पक्ष में पंचायत की। लोगों का कहना है कि हमें जाति-संप्रदाय के नाम पर बांटा न जाए। जो दोषी है उसे सजा जरूर मिलना चाहिए। लेकिन कोई निर्दोष फंसाया नहीं जाना चाहिए। ग्रामीणों ने इस पूरे केस में भीम आर्मी की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। कहा कि भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को धमकाया जा रहा है। हालांकि कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने पंचायत को तितर-बितर कर दिया।

गांव की प्रधान ने कहा- लड़की हो या लड़का, सभी को न्याय मिले
गांव की प्रधान रूपवती ने कहा कि मुझे न्याय चाहिए। लड़का और लड़की पक्ष दोनों के लिए न्याय होना चाहिए। मैं प्रधान हूं। मुझे इस कृत्य के लिए शर्म आती है। गांव की बदनामी हो रही है। लड़का और लड़की में पहले से संबंध थे।

भीम आर्मी वाले दंगा कराना चाहते हैं, मेरे पास रिकॉर्डिंग

रामकुमार ने बताया कि कुछ लोग क्षेत्र में दंगा कराना चाहते हैं। बच्चों को धमकी दी है। इसकी रिकॉर्डिंग भी है। बहन-बेटियों के अपहरण और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। चंदपा पर भीम आर्मी के लोगों ने प्रदर्शन किया था। वे लोग बूलगढ़ी में छिपे हुए हैं। यहां सिर्फ वोटों की राजनीति हो रही है।

पीड़ित पक्ष नार्को टेस्ट से क्यों बच रहा?

गांव की एक लड़की ने सवाल करते हुए कहा कि आखिर पीड़ित पक्ष नार्को टेस्ट से बच क्यों रहा है? वे तो पीड़ित हैं तो उन्हें जांच में पूरा सहयोग करना चाहिए। आज तक इस गांव में कभी इस तरह की कोई बात नहीं है। हमें भी गांव की एक बेटी को खोने का दुख है। लेकिन सीबीआई जांच हो जाए तो सबकुछ साफ हो जाएगा।

आप विधायक कुलदीप कुमार की लापरवाही उजागर, पीड़िता का नाम लिया

रविवार को आप सांसद संजय सिंह के साथ दिल्ली के कोंडली विधायक कुलदीप कुमार के साथ हाथरस गैंगरेप पीड़ित युवती के परिवार वालों से मुलाकात की थी। इससे पांच दिन पहले वे कुलदीप कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। विधायक ने पीड़िता के नाम का भी खुलासा किया। जबकि ऐसा करना कानून गलत है। इसकी जानकारी होने के बाद हाथरस जिला प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार को नगर पालिका की टीम ने गांव को सैनिटाइज किया और लोगों को मास्क बांटे हैं। गांव के लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। इससे पहले पीड़ित परिवार का सैंपल लिया चुका है।