पांच दिन बाद दिखेगा सर्दी का कहर:पहाड़ों पर बर्फबारी गिरने से बढ़ेगी ठिठुरन, तापमान में आएगी गिरावट

# ## Environment Kanpur Zone

(www.arya-tv.com)  हिमालय पर सक्रिय नए वेस्टर्न डिस्टरवेंस से हवा में नमी की मात्रा बढ़ रही है। इसकी वजह से मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसे सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी रात होने का दावा किया गया है। मौसम विभाग ने पहाड़ों पर बर्फबारी होने से गंगा के मैदानी क्षेत्रों में धुंध और कोहरा बढऩे की संभावना जताई है। पांच दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा, उसके बाद सर्दी का सितम शुरू हो जाएगा।

हवा की गति रही 2.4 किमी

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम वैज्ञाानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सुबह और रात के सर्द होने के बाद पहाड़ों पर बर्फ गिरने से ठिठुरन भरी सर्दी सताएगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 2.4 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चली।

फरवरी तक रहेगा असर

उन्होंने बताया कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी पडऩा शुरू हो जाएगी। इसका असर फरवरी तक खिने के आसार हैं। हाल ही में कश्मीर घाटी में हुई बर्फबारी और पहाड़ों की हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी होने से सर्दी बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरवेंस को पछुआ हवाओं में एक ट्रफ के रूप में देखा जा रहा है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में कुछ और गिरावट दर्ज की जा सकती है।