(www.arya-tv.com) प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर अभी बढ़ना जारी है। पिछले 24 घंटों में फाफामऊ में 62 सेंटीमीटर, छतनाग में 71 सेंटीमीटर और नैनी में 80 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। गंगा और यमुना में पानी बढ़ने से कछारी क्षेत्रों में लोगों की नींद उड़ी हुई है।
सबसे पहले आंकड़ों पर नजर डालते हैं…
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा 24 अगस्त को सुबह 8 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक फाफामऊ में इस समय गंगा का जलस्तर 82.59 है। छतनाग में गंगा का जलस्तर 81.94 व नैनी में यमुना का जलस्तर 82.51 दर्ज किया गया है। गंगा और यमुना प्रति घंटे 8 सेंटीमीटर की दर से बढ़ रही हैं। अधिकतम बाढ़ बिंदु 84.734 से गंगा और यमुना अभी करीब 2 मीटर दूर हैं।
बाढ़ का पानी बढ़ने से कछारी क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुस गया है। सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में छोटा बघाड़ा है। यहां करीब 500 घरों में पानी घुस गया है और आने-जाने के रास्ते बंद हो गए हैं। अब केवल नाव का ही सहारा बचा है। प्रशासन की तरफ से बाढ़ के लिए किए गए इंतजाम नाकाफी हैं। छोटा बघाड़ा क्षेत्र में आबादी के लिहाज से नावें इतनी कम हैं कि लोगों को रोजमर्रा के सामान लाने के लिए घंटों इंतजार करने पड़ रहे हैं। इस क्षेत्र में रहने वाले प्रतियोगी और वासिंदे सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।
मदद के लिए इन नंबरों पर करें फोन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ने 05322640645, 053222972880 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। बाढ़ प्रभावित किसी भी क्षेत्र के नागरिक इन नंबरों पर फोनकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए मदद मांग सकते हैं।
बाढ़ कंट्रोल रूम ने भी नंबर जारी किया है। 0532242706 पर फोनकर कोई भी नागरिक बाढ़ संबंधी समस्याओं से सबंधित शिकायत कर सकते हैं। नगर निगम प्रयागराज में 9450105231 पर भी फोनकर गंदगी और जलभराव संबंधित शिकायत कर सकते हैं।