लखनऊ में दौड़ा-दौड़ाकर पीटे गए सपा नेता:पार्षद की गिरफ्तारी का थाने पर कर रहे थे विरोध

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ के कैसरबाग थाने में प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। सपा कार्यकर्ता, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा के भाई और पार्षद रईस अहमद को जेल भेजे जाने का विरोध कर रहे थे। गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया।

रात करीब 11 बजे पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। सपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इसमें छह कार्यकर्ताओं को चोटें आ गईं। कई के कपड़े फट गए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की। दूसरे पक्ष के किसी भी शख्स को गिरफ्तार नहीं किया गया।

तीन दिन पहले दर्ज हुआ था मुकदमा
इंस्पेक्टर आलमबाग ने बताया कि तीन दिन पहले शारिक ने पार्षद रईस अहमद पर मुकदमा दर्ज कराया। रईस अहमद को शांति भंग के आरोप में धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर ऐशबाग में कार्यपालक न्यायालय में पेश किया गया था। यहां रईस अहमद के समर्थन में सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।

आदेश को रद्द करने की मांग कर रहे थे
एसीपी बाजार खाला अनिल कुमार यादव का कहना है कि रईस अहमद को 3 दिन की रिमांड पर भेजा गया था। रईस के समर्थन में आए लोगों ने उनके आदेश को रद्द करने की मांग करते हुए उनकी गाड़ी को आगे जाने से रोका और सरकारी काम में बाधा डाली। धरना प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

सपा ने कहा गांजा रैकेट का विरोध किया था
समाजवादी पार्टी का कहना है कि इलाके में पुलिस की मिलीभगत से गांजा का अवैध रैकेट चल रहा था। उसी का वह विरोध कर रहे थे। उनको तीन दिन पहले थाने बुलाया गया और जेल में डाल दिया गया। रईस अहमद के समर्थन में बड़ी संख्या में सपा के लोग देर रात तक सोशल मीडिया से लेकर सड़कों पर प्रदर्शन करते रहे। उनका कहना था कि जब तक रईस को छोड़ा नहीं जाएगा, वे थाने से नहीं जाएंगे। विरोध प्रदर्शन में सपा नेत्री पूजा शुक्ला, विधायक रविदास मेहरोत्रा भी पहुंचे थे।