फ्लाइट जैसी सिटिंग वाली वंदे भारत करेंगी शताब्दी को रिप्लेस

# ## National

(www.arya-tv.com) बहुत जल्द आपको फ्लाइट जैसा आरामदायक सफर ट्रेनों में भी मिलने वाला है। केंद्रीय बजट में 400 वंदे भारत को चलाने का ऐलान किया गया है। सिर्फ मुंबई-अहमदाबाद रेल मार्ग को छोड़कर दिल्ली की तरफ जाने वाले अधिकतर वंदे भारत एक्सप्रेस यूपी होकर गुजरेंगी। प्लानिंग ये भी है कि शताब्दी ट्रेनों को धीरे-धीरे रिप्लेस किया जाएगा। मई 2022 से दो वंदे भारत लॉन्च कर दी जाएंगी। मौजूदा वक्त में वाराणसी-दिल्ली और कटरा-दिल्ली मार्ग पर वंदे भारत ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।

 मुख्य लाइन को तैयार किया जा रहा

नार्थ सेंट्रल रेलवे के एक वरिष्ठ रेल अधिकारी कहते हैं कि वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन के लिए दिल्ली से प्रयागराज-पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से होते हुए हावड़ा तक जाने वाली मुख्य लाइन को तैयार किया जा रहा है। अब इस रेल मार्ग पर 180 किलोमीटर स्पीड तक ट्रेन चल सकती है। हादसों को रोकने के लिए रेल लाइन के दोनों तरफ दीवार भी बनाई गई है। विद्युतीकरण आखिरी चरण में है।

पूरी तरह से मेक इन इंडिया है वंदे भारत

दरअसल, केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री ने निर्मला सीतारमण ने 3 साल में 400 वंदे भारत ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। पूरी तरह मेक इन इंडिया है। वंदे भारत एक्सप्रेस भारत की सेमी हाई स्पीड ट्रेन है। चेन्नई के पेरंबूर इंटीग्रेटेड कोच फैक्ट्री में इसे तैयार किया जा रहा है। 130 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली अब तक की यह सबसे तेज ट्रेन है।

वंदे भारत एक्सप्रेस एक बगैर लोकोमोटिव इंजन की स्वदेशी ट्रेन है। इसकी डिजाइन एक बुलेट ट्रेन की तरह है। इसकी खासियत ये है कि ट्रेन के दोनों तरफ ड्राइविंग यूनिट है। इसका मोटर पावर चार अलग-अलग स्थानों पर डिस्ट्रीब्यूट रहता है। जिससे कुछ सेकंड में स्पीड बढ़ जाती है।

 समझिए वंदे भारत ट्रेन को

  • दिशा बदलने पर इंजन बदलने की जरूरत नहीं होती है।
  • इस ट्रेन के दरवाजे मेट्रो की तरह संचालित होते हैं।
  • सभी डिब्बों में स्टील कार बॉडी है।
  • यह स्लाइडिंग, फुट स्टेप, ऑनबोर्ड ट्रेन कंट्रोल कंप्यूटर और रिमोट मॉनिटरिंग से लैस हैं।
  • कोच में एग्जीक्यूटिव एवं चेयर कार है। बाद में स्लीपर लगाने की भी योजना है।

ट्रेन में एग्जीक्यूटिव श्रेणी के दो कोच
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में 18 कोच है। इसमें चेयरकार का किराया 1850 रुपए और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 3530 रुपए खर्च करने पड़ते हैं। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 5 दिन चलती है। ट्रेन में एग्जीक्यूटिव श्रेणी के दो कोच हैं। जिनमें 52-52 यात्री बैठ सकते हैं। जबकि हर चेयरकार में 78 सीटें हैं।