गोरखपुर।(www.arya-tv.com) सहजनवां क्षेत्र में शोहदों ने स्कूल से वापस घर लौट रहीं छात्राओं के साथ छेडख़ानी की और एक युवती को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की। छात्रा को बचाने पहुंची सहेली को पीटकर घायल कर दिया। सहजनवां नगर पंचायत सहजनवां के एक वार्ड की कुछ छात्राएं कॉलेज से घर के लिए चलीं। दोपहर में मोटरसाइकिलों पर सवार चार शोहदों ने लुचुई रेलवे पुल के नीचे छात्राओं को घेर लिया और छेड़खानी की तथा एक छात्रा का हाथ पकड़ कर जबरन बाइक पर बैठाने लगे।
इस पर उसकी सहेली चप्पल लेकर शोहदों की तरफ दौड़ी तो एक शोहदे ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और जमकर पीटा। सहेली को मार खाते देख अन्य छात्राएं चिल्लाने लगीं तो शोहदे भाग निकले। छात्राओं ने 112 नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी पुलिस को दी। थानेदार दिनेश मिश्रा ने बताया कि विकास सिंह उर्फ विक्की निवासी लुचई के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है। शीघ्र ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
उधर, गोरखपुर के हरपुुर बुदहट क्षेत्र के खजुरी चौराहे पर छह-सात लोगों ने रविवार रात नौ बजे दोस्त की मदद के लिए पहुंचे युवक के मुंह में पिस्टल डालकर बेरहमी से पीटा। सिसवा के विश्वब्रत मिश्र और सिंहवलिया के मंगलेश दोस्त हैं। इस दोस्ती को खत्म करने के लिए सिसवा के कुछ युवकों ने मंगलेश पर दबाव बनाकर बाइक में पेट्रोल समाप्त होने की सूचना फोन पर विश्वब्रत को दी।
दोस्त को पेट्रोल देने पहुंचे विश्वव्रत को मनबढ़ों ने पकड़ लिया और मुंह में पिस्टल डालकर बेरहमी से पीटा। घायल को सहजनवां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हरपुर बुदहट थानाध्यक्ष देवेंद्र लाल ने बताया कि घायल की तहरीर पर संदीप, आदर्श, दिव्यांशु, अंकुर, संजय, दीपक व रामपाल के खिलाफ बलबा व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। शीघ्र ही सभी की गिरफ्तारी हो जाएगी।
