(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में होली का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पूरी दुनिया में मशहूर ब्रज की होली की अद्भुत छटा देखने को मिल रही है। यहां बांके बिहारी मंदिर में कन्हाई भक्त अपने आराध्य के साथ प्रेमरस से भरी होली में डूबे हुए हैं। भगवान भोले की नगरी काशी और अयोध्या में रंगों की फुहार से लोग भीगे नजर आए। अयोध्या में रामलला ने कृष्ण की तरफ से भेजे गए अबीर-गुलाल से रंग खेला। पिछले साल ही इस परंपरा की शुरुआत हुई थी। गोरखपुर में सांसद व एक्टर रवि किशन लोगों के साथ फाग गीत गाते नजर आए।
बांके बिहारी मंदिर में बरसा प्रेम का रस
भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में होली के रसिया झूमते नजर आ रहे हैं। वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में गुलाल व रंगों की बारिश हो रही है। सभी श्रद्धालुओं में अपने आराध्य संग होली खेलने की होड़ मची हुई है। यूं तो यहां रंगभरनी एकादशी से रंगों की बारिश शुरू हो जाती है, लेकिन होली के पर्व पर यह उल्लास अपने चरम पर पहुंच जाता है। राधे-राधे की गूंज से पूरा मंदिर परिसर गूंज रहा है। द्वारिकाधीश मंदिर में भी भक्त होली के रंग में डूबे हुए हैं।
आराध्य को गुलाल अर्पण कर खेली गई होली
रामनगरी अयोध्या में रामलला को गुलाल अर्पित करने के साथ ही होली की शुरुआत होती है। पिछले साल शुरू हुई परंपरा का निर्वहन करते हुए वृंदावन के बांके बिहारी जी की ओर से उनके लिए खास मोरपंख के रंग की पोशाक और पीला गुलाल भेजा गया है। वहीं, पहली बार पुरी से भगवान जगन्नाथजी ने रामलला को अबीर-गुलाल, वस्त्र और जगन्नाथजी मंदिर के शिखर पर फहराने वाली ध्वजा भेजी गई है। बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करते हुए रामलला के लिए अबीर भेंट की है।
गोरखपुर में सांसद ने गाया गाना, अवध मा होली खेलैं रघुबीरा
गोरखपुर में सांसद रवि किशन होली की मस्ती में डूबे नजर आए। इस दौरान कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए लोगों को कतार में बिठाया गया था। फाग गीतों की धुन के साथ लोगों पर अबीर गुलाल की बारिश की गई। इस दौरान सांसद रवि किशन ने अवध मा होली खेलैं रघुबीरा गीत गाया।